*कवर्धा विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए गजेन्द्र कश्यप ने ठोकी दावेदारी, बोड़ला क्षेत्र में उत्साह का माहौल*
बोड़ला/कवर्धा। कवर्धा विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए बोड़ला क्षेत्र के युवा एवं जुझारू कांग्रेस कार्यकर्ता गजेन्द्र कश्यप ने ऑनलाइन माध्यम से अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। दावेदारी की खबर सामने आने के बाद बोड़ला क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
गजेन्द्र कश्यप ने कहा कि वे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की विचारधारा और संघर्ष से प्रेरित होकर संगठन को मजबूत करने तथा युवाओं की आवाज को बुलंद करने के उद्देश्य से अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि संगठन उन्हें जिम्मेदारी देता है तो वे कवर्धा विधानसभा के हर गांव और हर बूथ तक युवा कांग्रेस को मजबूत करने का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य युवाओं को संगठन से जोड़ना, उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना तथा कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है। बोड़ला क्षेत्र के कई युवा कार्यकर्ताओं ने उनकी दावेदारी का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि संगठन को एक सक्रिय, जुझारू और जमीन से जुड़े नेतृत्व की आवश्यकता है।
गजेन्द्र कश्यप ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे तथा हर साथी की आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे।


