राजनांदगांव। विगत दिनों वार्ड क्रमांक 42 निवासी श्रीमती ढेला बाई सारथी के घर में आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में उनका आशियाना पूरी तरह जलकर राख हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार को राजनांदगांव नगर निगम के महापौर मधुसूदन यादव पीड़ित परिवार के निवास पहुंचे और उनकी स्थिति का जायजा लिया।
महापौर श्री यादव ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने की तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आगजनी की घटना में नष्ट हुए महत्वपूर्ण दस्तावेजों को पुनः बनवाने की प्रक्रिया में भी प्रशासन द्वारा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जले हुए दस्तावेजों को शीघ्र पुनः जारी कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ताकि पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने महापौर द्वारा त्वरित सहायता एवं संवेदनशील पहल की सराहना की। पीड़ित परिवार ने भी इस कठिन समय में मिले सहयोग के लिए महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
महापौर श्री यादव ने कहा कि नगर निगम एवं प्रशासन संकट की हर घड़ी में नागरिकों के साथ खड़ा है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। इस दौरान नगर निगम एमआईसी मेंबर मनोहर यादव, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री मोहन सिन्हा, नरेश सारथी, चेतन यादव, गन्नू मानिकपुरी एवं वार्डवासी मौजूद थे।
*******


