केले के दलालों से किसान परेशान, आर्थिक शोषण का आरोप
बाहरी व्यापारियों को धमकाकर भगाने की शिकायत, उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
कवर्धा। जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिंघनगढ़, डोमा टोला, मोहगांव, बिसाटोला सहित आसपास के कई गांवों में केला उत्पादक किसान इन दिनों कथित दलालों की मनमानी से परेशान हैं। किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में सक्रिय कुछ दलाल बाहरी थोक व्यापारियों को गाली गलौज एवं धमकी देकर गांव से भगा देते हैं, जिससे किसानों को मजबूरी में कम दाम पर अपनी उपज बेचनी पड़ रही है।
स्थानीय किसानों के अनुसार बाहर से आने वाले व्यापारी जब केले की खरीदी करने गांव पहुंचते हैं, तब दलाल उनसे कमीशन की मांग करते हैं। कमीशन नहीं देने पर व्यापारियों को डराया धमकाया जाता है और कई बार अभद्र व्यवहार कर वापस लौटा दिया जाता है। इसका सीधा असर किसानों की आय पर पड़ रहा है।
किसानों ने बताया कि केला फसल तैयार होने के बाद उन्हें उचित बाजार नहीं मिल पा रहा है। बाहरी व्यापारियों के लौट जाने के कारण स्थानीय दलाल मनमाने कम दाम तय कर किसानों से खरीदारी करते हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनकी मेहनत का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में थाना सहसपुर लोहारा को भी सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस एवं उचित कार्रवाई नहीं की गई है। कार्रवाई नहीं होने से दलालों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन एवं राज्य शासन से मांग की है कि क्षेत्र में सक्रिय दलालों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा किसानों को अपनी फसल कहीं भी और किसी को भी उचित मूल्य पर बेचने की स्वतंत्रता सुनिश्चित की जाए। किसानों ने यह भी कहा कि यदि शीघ्र उचित का र्रवाई नहीं की गई तो वे मजबूर होकर उच्च स्तर पर आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार दयनीय होती जा रही है। खेती में बढ़ती लागत, मजदूरी और परिवहन खर्च के बीच यदि फसल का उचित मूल्य नहीं मिलेगा तो किसानों के सामने आजीविका का संकट और गहरा सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष व्यवस्था बनाने की मांग की है, ताकि किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिल सके।
प्रेषक हनुमान यदु सिल्हाटी


