सिंघौरी में 17 लाख के चेकडेम निर्माण में मशीनों का उपयोग, मनरेगा नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां
कवर्धा XReporter News।। जिले के स. लोहारा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत – सिंघौरी में करुहा नाला पर लगभग 17 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे चेकडेम निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में मनरेगा के नियमों की अनदेखी किए जाने की बात कही है।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य में शुरू से ही जेसीबी मशीनों का उपयोग किया गया, जो कि मनरेगा के प्रावधानों के विपरीत है। योजना का उद्देश्य जहां अधिक से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है, वहीं यहां मशीनों से कार्य कराकर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव के मजदूर केवल सुबह और शाम के समय कार्यस्थल पर फोटो खिंचाने के लिए बुलाए जाते थे। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि जब अधिकांश कार्य मशीनों से कराया गया, तो मजदूरी का भुगतान किस आधार पर किया जाएगा।
निर्माणाधीन चेकडेम का डिजाइन भी टेढ़ा-मेढ़ा नजर आ रहा है, जिससे इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्य तकनीकी मापदंडों के अनुरूप नहीं किया गया है, जिससे भविष्य में इसकी स्थायित्व पर भी असर पड़ सकता है।
इसके अलावा, निर्माण स्थल पर स्टीमेट, डिजाइन एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं रहते। जिससे मजदूरों द्वारा सामग्री का उपयोग मनमाने तरीके से किया जाता है और किसी प्रकार का मानक पालन होता नजर नहीं आता।


