जरहाटोला में चेकडेम निर्माण पर सवाल, कार्यस्थल पर उपलब्ध नही रहते दस्तावेज, पारदर्शिता पर संदेह
कवर्धा XReporter News।। जिले के जनपद पंचायत स.लोहारा अंतर्गत ग्राम पंचायत जरहाटोला में निर्मित चेकडेम कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। निर्माण कार्य में कई तरह की अनियमितताएं सामने आने का आरोप ग्रामीणों द्वारा लगाया गया है।

सूचना बोर्ड अधूरा
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण स्थल पर अब तक सूचना बोर्ड अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे कार्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी स्पष्ट नहीं हो पा रही है। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता की भारी कमी बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि चेकडेम के लिए स्थल चयन भी सही नहीं किया गया है, जिससे इसकी उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं।

मौके पर उपलब्ध नही दस्तावेज
आरोप है कि निर्माण कार्य तकनीकी मापदंडों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। मौके पर स्टीमेट और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं रहते, जिससे पारदर्शिता पर संदेह पैदा हो रहा है। वहीं, मजदूरों द्वारा मसाला अपनी मर्जी से तैयार किया जाता है और बेस (नींव) भी सही तरीके से नहीं डाली गई है, जो भविष्य में निर्माण की मजबूती को प्रभावित कर सकता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब भी इस संबंध में शिकायत की जाती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा केवल औपचारिकता निभाते हुए खानापूर्ति की जाती है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होती।


