चर्चित सत्यमदास हत्याकांड का खुलासा: नाबालिग निकला आरोपी
कवर्धा/कबीरधाम जिले के बहुचर्चित सत्यमदास मानिकपुरी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब 56 दिनों तक चली गहन जांच के बाद पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लिया है।
दरअसल 17 जनवरी 2026 को कवर्धा थाना क्षेत्र के लालपुर नर्सरी के पीछे सड़क किनारे डांस टीचर सत्यमदास मानिकपुरी का शव मिला था। जांच में सामने आया कि उसके गले पर चाकू से वार कर हत्या की गई थी।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान करीब 50 हजार मोबाइल नंबरों के कॉल डाटा का विश्लेषण किया और 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस को अहम सुराग मिला।
पूछताछ में नाबालिग बालक ने बताया कि मृतक उसे अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल कर रहा था। इसी से परेशान होकर उसने व्हाट्सएप कॉल कर मृतक को बुलाया और स्कूटी से घटनास्थल ले जाकर चाकू से वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, स्कूटी, खून से सने कपड़े और नदी में फेंका गया, मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया है। फिलहाल नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


