19 लाख की रिटर्निंग वाल निर्माण में गड़बड़ी के आरोप, आधे से ज्यादा काम Jcb से, बोर्ड में पूर्णता तिथि गुजरने के बाद भी जारी काम
कवर्धा XReporter News।। जनपद पंचायत स.लोहारा अंतर्गत ग्राम पंचायत राम्हेपुर के आश्रित ग्राम भीमपुरी में मनरेगा के तहत लगभग 19 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे रिटर्निंग वाल निर्माण कार्य में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।


निर्माण स्थल पर लगाए गए नागरिक सूचना पटल में कार्य की पूर्णता तिथि 03 मार्च 2026 अंकित है, जबकि मौके पर अभी भी निर्माण कार्य जारी बताया जा रहा है। 13 मार्च 2026 तक काम पूरा नहीं होने के बावजूद बोर्ड में पूर्णता तिथि दर्ज होना सवालों के घेरे में है। इस संबंध में तकनीकी सहायक से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि कार्य अभी जारी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य का आधे से ज्यादा हिस्सा जेसीबी मशीन से कराया गया है, जबकि मनरेगा के तहत अधिकतर कार्य मजदूरों से कराया जाना चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि इसका प्रमाण वीडियो में भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

इसके अलावा ग्रामीणों ने यह भी बताया कि लगभग 19 लाख रुपये की लागत से बन रही रिटर्निंग वाल टेढ़ी-मेढ़ी और घुमावदार बनाई जा रही है, जिससे उसकी मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण की गुणवत्ता सही नहीं रही तो यह दीवार ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएगी।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि निर्माण कार्य का पूरा माप, दीवार की वास्तविक गहराई तथा स्टीमेट में निर्धारित गहराई क्या है, इसका सही पता स्टीमेट और एमबी (मेजरमेंट बुक) की जांच से ही चल पाएगा।
गांव के लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत क्षेत्र में अधिकांश कार्यों में ठेकेदारी प्रथा चल रही है, जिसके कारण भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष प्रशासनिक स्तर पर जांच होने पर ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।


