राजनांदगांव। भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मनोज निर्वाणी ने कहा कि नगर निगम द्वारा कुछ दिनों तक चलाए गए काऊ कैचिंग अभियान की हवा निकल चुकी है। शहरी सड़कों पर जगह-जगह फिर मवेशी राज हो चुका है। दुर्घटना के अंदेशे के बीच सफर करने के लिए लोग मजबूर दिखाई दे रहे हैं। निगम अफसर द्वारा राज्य शासन के आदेश की खुलेआम अवहेलना की जा रही है। शासन ने सड़कों पर घूमने वाले घुमंतू मवेशियों को पड़कर सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए हैं।
लेकिन यहां तो अधिकारी अपनी ही मनमानी करने में लगे हुए हैं। कुछ दिनों तक काऊ कैचिंग अभियान चलाने के बाद बंद कर दिया गया है। जिससे सड़कों पर फिर मवेशी घूमने लगे हैं। निगम प्रशासन के पास पकड़े गए मवेशियों को रखने के लिए पर्याप्त स्थान (कांजी हाउस) भी नहीं है। इसकी व्यवस्था के लिए अधिकारी ध्यान भी नहीं दे रहे हैं। कन्हारपुरी में शहर के इकलौते छोटे कांजी हाउस में मवेशियों को रखना उचित नहीं है। अधिकारियों को चाहिए कि वह शहर के आसपास इलाके में मौजूद सरकारी भूमि का चयन कर वहां पर बड़े स्तर पर कांजी हाउस का निर्माण करवाएं ताकि पकड़े गए मवेशियों को उचित देखभाल के साथ सुरक्षित स्थान पर रखा जा सके।
