एक्स रिपोर्टर न्यूज। राजनांदगांव
औद्योगिक स्वास्थ एवं सुरक्षा विभाग के अफसरों के सुस्त रवैये की वजह से फैक्ट्री संचालक मनमानी पर उतर आए है। जिले में संचालित फैक्टियों में मजदूरों से बिना कोई सुरक्षा साधन उपलब्ध कराए काम लिया जा रहा है। ऐसे में मजदूर हादसे का शिकार होकर अपनी जान गवां रहे हैं। ऐसा ही हादसा शनिवार को सोमनी स्थित ओम क्रांक्रीट कम्पोनेट फैक्ट्री में सामने आया है।
जहां कंपनी प्रबंधन की लापरवाही की वजह से एक मजदूर की मौत हो गई। वहां काम करने वाले मजदूरों की माने तो फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से सुरक्षा साधन उपलब्ध नहीं कराया जाता है। जबकि फैक्ट्री में पूरा काम मशीन से होता है। इससे पहले भी फैक्ट्री में कई हादसे हो चुके है। जानकारी अनुसार सोमनी में ओम कांक्रीट कम्पोनेट नाम से बिजली का पोल बनाने की फैक्ट्री है। यहां पर दर्जन भर से अधिक मजदूर काम करते हैं। शनिवार को मजदूर मशीन से पोल बनाने का काम कर रहे थे। इस दौरान मशीन से लोहे का तार फिलिंग करते समय मशीन का गुल्ला टूट गया और काम कर रहे मजदूर 60 वर्षीय नारायण साहू निवासी परमालकसा पर गिर गया। इस हादसे में मजदूर बुरी तरह जख्मी हो गया। साथ में काम कर रहे मजदूरों ने तत्काल मशीन को बंद कर घटना की जानकारी फैक्ट्री संचालक को दी। लापरवाही बरतते हुए आंधे घंटे बाद घायल मजदूर को सोमनी स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। यहां से डॉक्टरों ने नारायण की गंभीर हालत को देखकर मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया। यहां पर इलाज के दौरान मजदूर नारायण साहू की मौत हो गई।
कार्रवाई नहीं सिर्फ खानापूर्ति
हादसे की जानकारी होने पर औद्योगिक स्वास्थ एवं सुरक्षा विभाग व श्रम विभाग की टीम रविवार को घटना की जांच करने मौके पर पहुंची थी। ये कार्रवाई महज खानापूर्ति के अलावा कुछ भी नहीं है। कार्रवाई को लेकर अधिकारी इतने ही सजग है तो पहले ही फैक्ट्री का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करा लिए रहते। बता दें कि दोनों विभाग की जिम्मेदारी कारखानों व फैक्टियों में सुरक्षा व्यवस्था के अलावा लेबर एक्ट के तहत मजदूरों को मिलने वाली सुविधाओं की जांच करने की है। लेकिन इन दोनों डिपार्टमेंट के अफसर दफ्तर में बैठकर सिर्फ हाजिरी भरने का काम करते है।
——————-
कर्णकांत श्रीवास्तव
(B.J.M.C.)
सीनियर जर्नलिस्ट, फाउंडर एंड चीफ एडिटर-एक्स रिपोर्टर न्यूज वेबसाइट, ब्यूरोचीफ-दैनिक सत्यदूत संदेश, मीडिया प्रभारी- जिला पत्रकार महासंघ, राजनांदगांव, विशेष सदस्य-प्रेस क्लब राजनांदगांव।
मो. 9752886730


