IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

कानून हाथ में लेने वालों का समर्थन करना पड़ा भारी
सांसद संतोष पाण्डेय पर हमलावर हुई कांग्रेस
संविधान की ली गई शपथ का उल्लंघन करने का आरोप
विरोध प्रदर्शन कर पुतला दहन करने का ऐलान

कवर्धा। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय द्वारा कानून हाथ में लेने वालों के समर्थन में खुल कर सामने आने के बाद कांग्रेस पार्टी उन पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने सांसद संतोष पाण्डेय पर ली गई संविधान की शपथ का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस सोमवार को कवर्धा के सिग्नल चौक में सांसद संतोष पाण्डेय के खिलाफ प्रदर्शन करके उनका पुतला दहन करेंगी।
सांसद संतोष पाण्डेय ने रविवार 19 फरवरी को प्रेस कांफ्रेंस लेकर सौरभ सिंह व कैलाश चंद्रवंशी का खुलकर समर्थन किया था। कबीरधाम जिला पुलिस ने इन दोनों पर दर्ज कई गंभीर आपराधिक मामले को लेकर दोनों के खिलाफ जिला बदर की कार्यवाही प्रारंभ की है। सौरभ सिंह इन दिनों फरार है। उसके खिलाफ कवर्धा में पदस्थ पुलिस आरक्षक को ड्यूटी के दौरान गाली-गलौज करके धक्का-मुक्की करने का अपराध दर्ज होने के बाद वह फरार हो गया है। सौरभ सिंह व कैलाश चंद्रवंशी के खिलाफ अनेक आपराधिक मामले दर्ज हैं। अपराध दर्ज होने के बावजूद इन दोनों के आचरण में अंतर ना आने तथा लगातार आपराधिक मामले दर्ज होने पर पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ जिला बदर की कार्यवाही प्रांरभ की है। संतोष पाण्डेय के साथ प्रेस कांफ्रेंस में राजनांदगांव के पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, प्रदेश भाजपा महामंत्री विजय शर्मा, कबीरधाम जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल सिंह भी उपस्थित थे।
अभियुक्तों का खुलकर समर्थन करने पर सांसद संतोष पाण्डेय मुश्किल में घिरते दिख रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने सांसद संतोष पाण्डेय पर संविधान की शपथ का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। कबीरधाम जिला कांग्रेस कमेटी ने संतोष पाण्डेय के खिलाफ 20 फरवरी को प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया है। कवर्धा के सिग्नल चौक पर कांग्रेसजन उपस्थित होकर सांसद संतोष पाण्डेय द्वारा संविधान की ली गई शपथ का उल्लंघन करने पर विरोध प्रदर्शन करेंगे तथा जमकर नारेबाजी करते हुए संतोष पाण्डेय का पुतला दहन करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नीलकंठ (नीलू) चंद्रवंशी ने कांग्रेसजनों से विरोध प्रदर्शन व पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। इससे ये लग रहा है कि संतोष पाण्डेय के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन व पुतला दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भीड़ जुटने वाली है।

By Rupesh Mahobiya

Bureau Chief kawardha

You missed

error: Content is protected !!