*कबीरधाम पुलिस अधीक्षक ने थाना कुकदुर के पोलमी पुलिस चेक पोस्ट पर तैनात जवानों के लिए बने नवनिर्मित भवन का किया उद्घाटन।*
*चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस, आबकारी, फॉरेस्ट के ज्वाइन फोर्स को कार्य करने में होगी बड़ी सहूलियत।*
*अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए चेक पोस्ट पर लगातार की जा रही है, बाहर से आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग।*
*सावन माह का विशेष ध्यान रखते हुए पदयात्री कांवरियों के लिए प्राथमिक उपचार एवं बैठने के लिए की गई है व्यवस्था।*
कवर्धा। कबीरधाम जिले के थाना कुकदुर के ग्राम पोलमी में पूर्व से पुलिस चेक पोस्ट लगाकर मध्य प्रदेश के बजाक एवं उत्तर प्रदेश की ओर से आने तथा छत्तीसगढ़ की ओर से जाने वाले समस्त वाहनों की लगातार चेकिंग करने हेतु पुलिस आबकारी एवं फॉरेस्ट की टीम के द्वारा लगातार चेक पोस्ट पर तैनात होकर अवैध मादक पदार्थ गाँजा, शराब व वन संपदा की सुरक्षा हेतु 24 घंटे टीम के द्वारा जांच की जा रही है, परंतु चेक पोस्ट पर तैनात बल के लिए उचित भवन ना होने से जवानों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता था, जिस का विशेष ध्यान रखते हुए चेक पोस्ट पर कबीरधाम पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह के द्वारा भवन का निर्माण करा आज दिनांक-19.07.2022 को उक्त भवन का उद्घाटन किया गया है। साथ ही उपस्थित आम जनों को यह भी जानकारी दिया गया कि चेक पोस्ट पर नियमित चेकिंग की जा रही है, जिससे चेक पोस्ट पर तैनात संयुक्त टीम को अब किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी तथा वे बेहतर ढंग से मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ सीमा से होकर गुजरने पर वाहनों की चेकिंग कर छत्तीसगढ़ के भीतर किसी भी प्रकार के असामाजिक तत्व या मादक पदार्थों को सीमा के अंदर प्रवेश नहीं करने देंगे तथा उसी स्थान पर उचित वैधानिक कार्यवाही भी कर रहे हैं। राज्य सरकार के द्वारा भी पूर्व में निर्देश प्राप्त हुआ था कि अंतर्राज्यीय सीमा पर चेक पोस्ट का निर्माण करा छत्तीसगढ़ के वन संपदा आदि को तस्करी करने वाले असामाजिक तत्वों एवं बाहरी राज्यों से छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थ गाँजा, शराब आदि पर रोक लगाकर, असामाजिक तत्वों पर सख्त से सख्त उचित वैधानिक कार्यवाही की जाए जिस के परिपालन में लगातार जिले के सीमावर्ती पुलिस चेक पोस्ट पर वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग निरंतर की जा रही है कहा गया।
इस अवसर पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया पंकज पटेल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोड़ला जगदीश उइके एवं थाना प्रभारी कुकदुर प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार चंद्रवंशी एवं थाना स्टाफ तथा सम्मानीय जन श्री राकेश चंद्राकर, कृष्णा कुंभकार, लग्न सिंह धुर्वे, अतुल सिंह, रामनाथ, तिहार सिंह परस्ते तथा अन्य जनप्रतिनिधि व ग्रामवासी अधिक संख्या में उपस्थित रहे।
*चेक पोस्ट पर प्राथमिक उपचार हेतु फर्स्ट एड की भी व्यवस्था की गई है।* वर्तमान में सावन माह का विशेष ध्यान रखते हुए इस चेक पोस्ट से गुजरने वाले विभिन्न कांवरियों के लिए कांवर रखने के लिए निर्धारित स्थान तथा कांवरियों के बैठने के लिए व्यवस्था की गई है, साथ ही यदि किसी को प्राथमिक उपचार की आवश्यकता है तो उनके लिए विभिन्न दवाइयों का भी निशुल्क वितरण किया जा रहा है।


