IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

धान खरीदी केन्द्रों का दौरा करें पंचायत प्रतिनिधि- कैबिनेट मंत्री अकबर

कार्यक्रम को विडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए संबोधित किया कैबिनेट मंत्री ने

कवर्धा। प्रदेश के वन, परिवहन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री मोहम्मद अकबर ने पंचायत प्रतिनिधियों से धान खरीदी केन्द्रों का दौरा करने के लिए कहा। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार का हमेशा से प्रयास रहा है कि धान खरीदी के कार्य में कोई कठिनाई आ रही है तो उसे दूर किया जाए।
मंत्री अकबर आज जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा के सभा कक्ष निर्माण का राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से विडियों कान्फ्रेसिंग के माध्यम से भूमिपूजन कर रहे थे। सभा कक्ष का निर्माण 28.80 लाख रूपये की लागत से किया जाएगा। इसका निर्माण स्वच्छ भारत मिशन एवं दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण योजनांतर्गत किया जा रहा है। मोहम्मद अकबर ने भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि प्रदेश में वर्तमान खरीफ वर्ष में किसानों से समर्थन मूल्य पर 105 लाख मिट्रीक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। धान खरीदी राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है इसलिए लगातार निगरानी की जा रही है कि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की कोई कठिनाई ना आए। उन्होंने बताया कि धान खरीदी केन्द्रों में पूर्व में चबूतरा की व्यवस्था नहीं थी। इससे नीचे का धान भीग जाता था तथा खराब हो जाता था। धान को भीगने व खराब होने से बचाने के लिए प्रदेश भर में धान खरीदी केन्द्रों में चबूतरा का निर्माण कराया गया है।

मोहम्मद अकबर ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे धान खरीदी केन्द्रों में जाए तथा यदि कोई समस्या नजर आती है तो उसे जानकारी में लाए ताकि त्वरित गति से इसका निदान किया जा सके। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि पूर्व में कबीरधाम जिले के सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच व सचिव के साथ उन्होंने विडियों कान्फ्रेसिंग के जरिए बैठक लेकर पंचायतों की समस्याओं व आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली है। इस बैठक में जिला पंचायत, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के साथ ही अनुविभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे थे। बैठक के पश्चात जर्जर स्कूल भवनों के पुनःनिर्माण का प्रस्ताव स्कूल शिक्षा विभाग को भेजा गया है। जल्द ही इसकी मंजूरी मिलने की संभावना है।

जनपद पंचायत भवन सहसपुर लोहारा के अतिरिक्त कक्ष निर्माण के शिलान्यास कार्यक्रम जनपद पंचायत अध्यक्ष लीला धनुक वर्मा, उपाध्यक्ष मंजु शरद बांगली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरेन्द्र शर्मा, सहसपुर लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष उषा मनहरण श्रीवास, उपाध्यक्ष आभा महेन्द्र श्रीवास्तव, सदस्य कृषक कल्याण परिषद भगवान सिंह पटेल, सामाजिक कार्यकर्ता रामचरण पटेल, नेतराम जंघेल, अशोक चोपड़ा, अब्दुल मजीद (गब्बर), शेषनारायण बैस, अजय यादव, चेतन वर्मा आदि उपस्थित थे।

By Rupesh Mahobiya

Bureau Chief kawardha

error: Content is protected !!