IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

किसानों से की बातचीत, किसानों ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट से शानदार हुई फसल

दुर्ग/कवर्धा। धान खरीदी केंद्र बिरेझर में किसान अपने धान बेचने आये हुए थे। अचानक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का काफिला खरीदी केंद्र में रूका और मुख्यमंत्री सीधे धान बेचने आये किसानों से मिलने पहुंच गये। मुख्यमंत्री ने किसानों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने धान खरीदी की व्यवस्था और इस साल की धान फसल का अनुभव जाना। किसानों ने बताया कि इस साल वर्मी कंपोस्ट खेतों में डाला, इसका अनुभव बहुत अच्छा रहा। बिरेझर के किसान ईश्वर लाल धनगर ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट लेने से मुझे बहुत लाभ हुआ। जमीन में पोला हुआ। फसल की चमक भी बनी रही और पिछले साल की तुलना में ज्यादा धान हुआ। खर्रा के किसान बंटी वैष्णव ने बताया कि धान खरीदी की व्यवस्था बहुत अच्छी है। खरीदी के पश्चात पैसा खाते में आ जा रहा है। सिस्टम बहुत अच्छा हो गया है। इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। छोटे लाल साहू ने बताया कि पहले खरीदी केंद्रों की संख्या कम थी, अब खरीदी केंद्रों की संख्या ज्यादा हो गई है। सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए नये खरीदी केंद्र बनाये हैं। इससे किसानों को लाभ पहुंचा है और असुविधा दूर हुई है।

किसानों ने बताया कि धान खरीदी केंद्र में व्यवस्था बहुत अच्छी है। पहले देर तक इंतजार करना पड़ता था। शासन द्वारा छोटे किसानों का भी विशेष रूप से ध्यान रखा जा रहा है इससे उन्हें काफी सुविधा हुई है। मुख्यमंत्री के आने से किसान बहुत उत्साहित हुए। किसानों ने बताया कि सुखद संयोग था कि आज हम लोग धान बेचने आये और आज ही मुख्यमंत्री यहां आ गये। उन्होंने हम सबसे बातचीत की। बातचीत में हमने बताया कि किस प्रकार गोबर खाद हमारे लिए उपयोगी साबित हुआ है। इस दौरान कृषि मंत्री रविंद्र चौबे भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि बिरेझर धान खरीदी केंद्र में खर्रा, हसदा, चिखला और बिरेझर से धान बेचने लोग आते हैं। अभी तक यहां 10716 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। खरीदी के साथ उठाव भी तेजी से किया जा रहा है। लगभग तीन हजार क्विंटल धान का उठाव हो चुका है।

By Rupesh Mahobiya

Bureau Chief kawardha

error: Content is protected !!