IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

भूमिपूजन के चार महीने बाद भी शुरू नहीं हुआ सड़क निर्माण, खराब मार्ग से ग्रामीण परेशान

कवर्धा/सिल्हाटी।। विकास खंड सहसपुर लोहारा के अंतर्गत आने वाले सिल्हाटी बस स्टैंड से सुकतरा बस्ती तक स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य विभागीय अनदेखी की भेंट चढ़ गया है। लगभग चार महीने पूर्व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस मार्ग का भूमिपूजन बड़े ही धूमधाम से किया गया था, लेकिन आज पर्यन्त तक निर्माण कार्य की एक ईंट भी नहीं रखी गई है। संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की इस उदासीनता के कारण ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

​वर्तमान में सिल्हाटी से ग्राम सुकतरा तक का मार्ग पूरी तरह से जर्जर और गड्ढों में तब्दील हो चुका है। प्रतिदिन इस मार्ग से होकर गुजरने वाले राहगीरों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। भूमिपूजन के बाद ग्रामीणों को उम्मीद जगी थी कि जल्द ही उन्हें इस बदहाल सड़क से राहत मिलेगी, लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

​क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि सरकार और प्रशासन द्वारा केवल घोषणाएं और भूमिपूजन कर वाहवाही लूट ली जाती है, जबकि धरातल पर काम की गति शून्य है। निर्माण एजेंसी की और विभाग की लेट-लतीफी से तंग आकर ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि स्वीकृत व भूमिपूजित सड़क का निर्माण कार्य अतिशीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

error: Content is protected !!