मनरेगा कार्य मे बड़ा खेल, रिटर्निगवॉल निर्माण को 03 हिस्सों में बांटकर कराया जा रहा कार्य, सूचना बोर्ड भी नहीं
आयुक्त में भी हो चुकी है शिकायत, कार्यवाही अभी तक नही
कवर्धा XReporter News।। जनपद पंचायत स.लोहारा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत – दैहानडीह में रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों, ठेकेदार और निर्माण एजेंसी पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत आयुक्त कार्यालय तक पहुंच चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

निर्माण 03 अलग हिस्सों में
जानकारी के अनुसार रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य को तीन अलग-अलग हिस्सों में बांटकर कराया जा रहा है। पहले भाग में मजदूरी और सामग्री मिलाकर 19,97,811/- रुपये, दूसरे भाग में 19,97,811/- रुपये तथा तीसरे भाग में 11,23,898/- रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक ही कार्य को तीन भागों में विभाजित कराना नियमों के विरुद्ध है और इससे गड़बड़ी की आशंका बढ़ जाती है।
स्टीमेट से सही आकलन का पता
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि निर्माण कार्य में जो सरिया लगाया जा रहा है, वह लगभग 12 इंच के अंतराल में लगाया जा रहा है। यह तकनीकी रूप से सही है या गलत, इसका स्पष्ट आकलन केवल स्वीकृत स्टीमेट और तकनीकी मापदंडों को देखकर ही किया जा सकता है। लेकिन जिस तरह से कार्य को तीन हिस्सों में बांटकर कराया जा रहा है, उससे निर्माण की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूचना बोर्ड तक नही
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि जिस स्थान पर रिटर्निंग वॉल की आवश्यकता है, वहां निर्माण नहीं कराया जा रहा है। इससे कार्य की उपयोगिता को लेकर भी शंका उत्पन्न हो रही है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि निर्माण स्थल पर कार्य से संबंधित सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया है, जबकि नियमों के अनुसार किसी भी शासकीय निर्माण कार्य में लागत, लंबाई, स्वीकृति और तकनीकी जानकारी का बोर्ड लगाना अनिवार्य होता है। सूचना बोर्ड नहीं होने से आम लोगों को कार्य की वास्तविक जानकारी नहीं मिल पा रही है।

बताया जा रहा है कि स.लोहारा ब्लॉक में वर्तमान में सीईओ जनपद, एसडीओ आरईएस और पीओ जनपद तीनों पद प्रभारी व्यवस्था में संचालित हो रहे हैं, जिसके चलते निगरानी और जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं इस निर्माण कार्य की एजेंसी ग्राम पंचायत दैहानडीह को बनाया गया है।


