IMG-20241026-WA0010
IMG-20241026-WA0010
previous arrow
next arrow

कैबिनेट मंत्री का ध्यान सहसपुर लोहारा नगर पंचायत की व्यवस्था सुधारने पर पी.एम. आवास योजना के 59 हितग्राहियों को 32.38 लाख रूपए का भुगतान

मोहम्मद अकबर के प्रयासों से सुडा ने दी 75 लाख रूपए की राशि

कवर्धा। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री व कवर्धा के विधायक मोहम्मद अकबर के निर्देश पर सहसपुर लोहारा नगर पंचायत क्षेत्र के 59 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के किस्त की 32.38 लाख रूपए की राशि का भुगतान किया गया। कैबिनेट मंत्री के प्रयासों से सहसपुर लोहारा नगर पंचायत को प्रधानमंत्री आवास योजना के 75 लाख रूपए की राशि और प्राप्त हुई है जिसे हितग्राहियों को किस्त की राशि का भुगतान किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर सहसपुर लोहारा नगर पंचायत क्षेत्र की व्यवस्था को सुधारने में लगे है। पिछले दिनों उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर समीक्षा बैठक ली थी। उनके साथ बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे भी उपस्थित थे। समीक्षा बैठक में नगर पंचायत में व्याप्त अव्यवस्था की जानकारी कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर को प्राप्त हुई थी। इन अव्यवस्थाओं को देखते हुए तत्कालीन सी.एम.ओ. वी.एन. सिंह को निलम्बित करने का निर्णय लिया गया था। समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री इस बात से अवगत हुए थे कि 04 अगस्त 2022 के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के किस्त की राशि का भुगतान हितग्राहियों को नहीं किया गया है। मंत्री अकबर ने नव पदस्थ सी.एम.ओ. नरेश कुमार वर्मा को प्रधानमंत्री आवास योजना के किस्त की राशि का हितग्राहियों को भुगतान करने का निर्देश दिया।
कैबिनेट मंत्री के निर्देश के मद्देनजर सी.एम.ओ. नरेश कुमार वर्मा ने 22 सितम्बर को सहसपुर लोहारा नगर पंचायत क्षेत्र के 59 हितग्राहियों को 32.38 लाख रूपए का भुगतान उनके खाते में राशि पहुंचाकर कर दिया। केवल इतना ही नहीं बल्कि कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर के प्रयासों से 22 सितम्बर को ही राज्य शहरी विकास अभिकरण (सुडा) नवा रायपुर से प्रधानमंत्री आवास योजना की 75 लाख रूपए की राशि का भुगतान सहसपुर लोहारा नगर पंचायत को प्राप्त हो गया है। कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने इस राशि को भी प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की खाते में पहुंचाने का निर्देश दिया है। सहसपुर लोहारा नगर पंचायत के सी.एम.ओ. नरेश कुमार वर्मा ने बताया कि कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर के निर्देश का पालन करते हुए 75 लाख रूपए की राशि को हितग्राहियों के खाते में पहुंचाने का काम एक-दो दिन में ही कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर सहसपुर लोहारा नगर पंचायत के निवासियों की सुविधा व क्षेत्र में विकास कार्यों पर ध्यान केन्द्रित किए हुए है। उनके निर्देश पर नागरिकों के हित में कार्य करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

By Rupesh Mahobiya

Bureau Chief kawardha

error: Content is protected !!